सड़क मरम्मत का कार्य रुका तो रुका ही रह गया दर्जनों गाँवों के नागरिकों को करना पड़ रहा है परेशानियों का सामना
करहां। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण से क्षतिग्रस्त हुई जनपद मऊ की अनेक सड़कों की भाँति करहां मील से पलिया मार्ग पर मरम्मत कार्य बाधित हुआ तो आजतक शुरू नहीं हुआ। इससे इस क्षेत्र से रोजाना करहां, मुहम्मदाबाद एवं चिरैयाकोट आने जाने वाले दर्जनों गाँवो के नागरिक हलकान हैं। टूटे-फूटे कंकड़-पत्थर तथा धूल भरे रास्तो से गुजरने के लिए विवश हैं।
बताते चलें कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण के तहत यह वचनबद्धता थी कि जो भी इससे मिलने वाले लिंक रोड एक्सप्रेसवे के निर्माण से क्षतिग्रस्त होंगे उन्हें यूपीडा मरम्मत करके जाएगा। एक तो क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत नहीं हो रही थी, जब काफी आंदोलन के बाद मरम्मत का कार्य शुरू भी हुआ तो काफी खराब गुणवत्ता से बनती सड़क देख ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य रवि पासी के नेतृत्व में इसका विरोध किया। मौके पर एक्सईएन एवं अन्य सक्षम अधिकारी आये तथा अच्छी गुणवत्ता से सड़क बनाने का वादा करके चले गए। तबसे लेकर अबतक अभी तक इसकी सुधि नहीं ली गयी।
दरौरा, घुटमा, भाँटीकला, अरैला, सम्मोपुर, चकभीखा, भँवराजपुर, नगपुर, दपेहड़ी, दतौली, याकूबपुर, खरेंवा, भुसुवा, मठिया गाँव के बुजुर्ग, महिलाएं, मरीज और छात्र-छात्राएं प्रायः दुर्घटनाग्रस्त हो रहें हैं। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की गुहार है कि जो सड़क मरम्मत का कार्य कोठियां से गद्दोपुर तक रुका हुआ है उसे शीघ्र पूरा कराया जाय ताकि लोगों को सुविधाजनक आवागमन मुहैया हो सके।




























































Leave a comment