“डिग्री के साथ व्यावहारिक कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की वास्तविक कुंजी”
•कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने नवागंतुक विद्यार्थियों का किया मार्गदर्शन
लखनऊ, 31 अगस्त 2026।केंद्रीय पेट्रो रसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (CIPET: IPT), लखनऊ में सोमवार को नवागंतुक छात्र-छात्राओं के स्वागत, मार्गदर्शन और करियर निर्माण की दिशा तय करने के उद्देश्य से ‘Student Connect & Orientation Day 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने संस्थान परिसर में संचालित अत्याधुनिक टेस्टिंग लैब्स, उच्चस्तरीय प्रयोगशालाओं एवं आधुनिक कार्यशालाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लास्टिक एवं पेट्रोकेमिकल प्रोसेसिंग, मोल्ड डिजाइनिंग तथा गुणवत्ता नियंत्रण से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी ली। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर का संदेश देते हुए परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
‘हार से डरेंगे तो बड़ी जीत नहीं मिलेगी’
नवप्रवेशी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि जीवन और खेल के मैदान में हार-जीत स्वाभाविक है। “जो हार से डरता है, वह कभी बड़ी जीत हासिल नहीं कर सकता।”
उन्होंने कहा कि आज प्रतियोगिता का दौर बेहद कठिन है। यदि 200 पदों के लिए 2,000 युवा कतार में हैं तो चयन उसी युवा का होगा, जिसके पास डिग्री के साथ बेहतर संवाद क्षमता, प्रभावी बॉडी लैंग्वेज, अनुशासन और आत्मविश्वास होगा।
मंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि सवाल पूछने और सही जवाब देने का साहस विकसित करें। यही आत्मविश्वास आगे चलकर उनकी सबसे बड़ी पूंजी बनेगा।
सोशल मीडिया नहीं, कौशल विकास को दें समय
कपिल देव अग्रवाल ने युवाओं को समय प्रबंधन और ईमानदारी का संदेश देते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल ज्ञान और कौशल बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए, न कि सोशल मीडिया पर अनावश्यक समय गंवाने के लिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्वयं के प्रति ईमानदार रहें। “जो हुनर आप अपने हाथों और मस्तिष्क से सीखते हैं, उसे आपसे कोई नहीं छीन सकता।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप प्रदेश के युवाओं को हुनरमंद बनाकर ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है। युवाओं को नकारात्मक भटकाव से दूर रहकर अपने कौशल और राष्ट्र निर्माण पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
उद्योगों की जरूरत के अनुरूप तैयार हो रहे विद्यार्थी
संस्थान के संयुक्त निदेशक एवं प्रमुख विवेक कुमार ने अतिथियों एवं नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि CIPET: IPT, लखनऊ तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण के क्षेत्र में लगातार नए मानक स्थापित कर रहा है।
उन्होंने बताया कि पेट्रोकेमिकल्स एवं प्लास्टिक इंजीनियरिंग क्षेत्र में दक्ष प्रोफेशनल्स की मांग लगातार बनी हुई है। संस्थान का पाठ्यक्रम और व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों को वैश्विक उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करता है।
उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल तकनीकी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नवाचार, अनुसंधान और उद्यमशीलता की भावना विकसित करना भी है।
कार्यक्रम में संस्थान के शैक्षणिक प्रमुख डॉ. राजेश पांडा, संकाय सदस्य, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों को सफल शैक्षणिक सत्र और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
GGS NEWS 24
सच की बुलंद आवाज

















































Leave a comment