RTC में महिला रिक्रूट आरक्षियों की क्रिकेट प्रतियोगिता संपन्न, टीम-B बनी चैंपियन सुरभि मौर्य रहीं ‘मैन ऑफ द सीरीज’
आजमगढ़, 23 अप्रैल।जनपद के RTC (रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला रिक्रूट आरक्षियों के बीच आयोजित रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में टीम-B ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम-D को हराकर खिताब अपने नाम किया।
यह प्रतियोगिता 21 अप्रैल से शुरू हुई थी, जिसमें कुल चार टीमें—A, B, C और D—ने हिस्सा लिया। पहले मुकाबले में टीम-B ने टीम-A को हराया, जबकि दूसरे मैच में टीम-D ने टीम-C को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
22 अप्रैल को खेले गए फाइनल मैच में टीम-B ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम-D को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टीम-B की कप्तानी रिक्रूट महिला आरक्षी सुरभि मौर्य ने की, जबकि टीम-D का नेतृत्व सुजाता शुक्ला ने किया।
सुरभि मौर्य का शानदार प्रदर्शन
पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक रन बनाने पर सुरभि मौर्य को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के खिताब से सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिला रिक्रूट आरक्षियों के शारीरिक व मानसिक विकास के साथ-साथ टीम भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियाँ पुलिस बल में ऊर्जा, उत्साह और बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।



















































Leave a comment