दूसरी बार फरियाद आई तो तय होगी जवाबदेही: मुख्यमंत्री योगी
•पीड़ित की संतुष्टि सरकार का ध्येय, समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराने के निर्देश
लखनऊ, 5 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह जनता दर्शन में दूर-दराज से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक उचित शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई पीड़ित अपनी वास्तविक समस्या को लेकर दूसरी बार जनता दर्शन में पहुंचता है और उसका समाधान नहीं हुआ है, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीड़ित की संतुष्टि सरकार का ध्येय है। यदि समस्या वास्तविक है और समय रहते उसका निस्तारण नहीं हो पाया, तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनें और नियमानुसार उसका शीघ्र समाधान कराएं।
हर फरियादी से मिले मुख्यमंत्री
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं कुर्सियों पर बैठे लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने फरियादियों को उनकी शिकायतों के समाधान का भरोसा दिलाया। साथ ही मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी पीड़ित की समस्या की अनदेखी न हो और निस्तारण की प्रक्रिया प्रभावी एवं पारदर्शी रहे।
जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर सख्त निर्देश
जनता दर्शन में कुछ लोगों ने जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि किसी दबंग द्वारा गरीब या कमजोर व्यक्ति की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है, तो नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि पीड़ित की जमीन को अवैध या जबरन कब्जे से मुक्त कराया जाए। साथ ही जबरन कब्जा करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके और दोषियों को सजा दिलाई जा सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक उचित शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।






















































Leave a comment