Education world / शिक्षा जगत

जनपद के सभी पांच कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दीपावली महोत्सव


मुख्य विकास अधिकारी ने बालिकाओं के साथ दीप प्रज्वलित कर, छात्राओं को ट्रैकसूट, मिठाई एवं पुरस्कार वितरित कर बढ़ाया उत्साह

मऊ। घोसी। डीएम एवं सीडीओ के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से जनपद के सभी पांच कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में गुरुवार को दीपावली महोत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मऊ संतोष कुमार उपाध्याय के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत सभी विद्यालयों को आकर्षक झालरों, दीपों एवं रंग-बिरंगी सजावट से भव्य रूप प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग कर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। इसी क्रम में कोपागंज ब्लॉक स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में सीडीओ  ध्रुव खडिया ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। विद्यालय परिसर में छात्राओं द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोली, दीपों एवं झालरों की मनमोहक सजावट देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने छात्राओं द्वारा स्वयं तैयार किए गए दीपों का प्रज्वलन किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी  संतोष कुमार उपाध्याय ने मुख्य विकास अधिकारी का स्वागत करते हुए कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में संचालित शैक्षिक एवं अन्य गतिविधियों तथा विद्यालयों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। चंद्रा पब्लिक स्कूल के प्रबंधक विजय बहादुर पाल ने बताया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की प्रेरणा से जनपद के सभी पांच कस्तूरबा गांधी विद्यालयों को विभिन्न निजी विद्यालयों के प्रबंधकों द्वारा गोद लिया गया है। इनके माध्यम से विद्यालयों के भौतिक परिवेश में सुधार तथा छात्राओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कोपागंज विद्यालय में ट्रैकसूट, मिठाई एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने तथा विद्यालय के वातावरण में सकारात्मक बदलाव लाने के अनुभव भी साझा किए।अपने संबोधन में मुख्य विकास अधिकारी ने छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्वनिर्मित शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम), बुके, पेंटिंग एवं रंगोली की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने एक समान ट्रैकसूट में सुसज्जित सभी बालिकाओं को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। विशेष रूप से सोशल मीडिया के समाज एवं बच्चों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को दर्शाने वाली छात्राओं की एकांकी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों को सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सीडीओ ध्रुव खड़िया ने अभिभावकों से अपील की कि वे बालिकाओं को अधिक से अधिक समय विद्यालय में रहकर अध्ययन एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता करने के लिए प्रेरित करें, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके और वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकें। उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए बताया कि सरकारी विद्यालय में शिक्षा प्राप्त कर ही वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उनकी इस बात पर उपस्थित शिक्षकों एवं छात्राओं ने तालियों से उत्साहपूर्वक स्वागत किया। उन्होंने कम समय में उत्कृष्ट एवं प्रभावशाली कार्यक्रम तैयार करने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान नवंबर माह में जन्मदिन वाले छात्राओं के साथ मुख्य विकास अधिकारी ने केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बच्चों एवं शिक्षकों द्वारा सामूहिक रूप से हैप्पी बर्थडे गीत गाया गया, जिससे पूरा वातावरण उल्लासमय हो उठा। मुख्य विकास अधिकारी ने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए टीएलएम का अवलोकन किया तथा उनसे सामग्री के उपयोग एवं निर्माण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं को ट्रैकसूट, मिठाई के पैकेट एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।दीपावली महोत्सव के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं के साथ विशेष रात्रि भोज में भी सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के साथ आत्मीय संवाद किया तथा भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था की सराहना की। रात्रि भोज में पनीर सहित विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन, फ्रूट कर्ड एवं खीर आदि परोसे गए। पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त कर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम का शानदार एवं प्रभावशाली संचालन एसआरजी अरविंद कुमार पांडेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री अनिल चौरसिया, खंड शिक्षा अधिकारी  मुकेश कुमार, कृष्णानंद राय जिला अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ, ब्लॉक के सभी एआरपी, विद्यालयों की वार्डन, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे। इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सामाजिक सहभागिता एवं उत्सवधर्मिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ आवासीय विद्यालयों में सकारात्मक एवं आनंदमय शैक्षिक वातावरण विकसित करना रहा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh