आजमगढ़ पुलिस का बड़ा अभियान: 63.25 लाख रुपये कीमत के गुमशुदा मोबाइल बरामद, मोबाइल पाकर खिले स्वामियों के चेहरे
आजमगढ़। जनपद में गुमशुदा एवं खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए आजमगढ़ पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विभिन्न स्थानों से गुम हुए एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक ईश्वर लाल गुर्जर ने बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 63 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश एवं बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मोबाइल धारकों की ओर से सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज कराई गई ऑनलाइन शिकायतों के आधार पर सीसीटीएनएस प्रभारी को मोबाइल फोन की खोज एवं बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कुल 2,651 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ 62 लाख 75 हजार रुपये है। वहीं फरवरी 2024 से अब तक कुल 6,288 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 15 करोड़ 72 लाख रुपये बताई गई है।
मोबाइल फोन वापस मिलने पर स्वामियों ने आजमगढ़ पुलिस के प्रति आभार जताया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाता है तो वह तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराए, ताकि पुलिस मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामदगी की कार्रवाई कर सके।
पुलिस की अपील: मोबाइल गुम होने पर परेशान होने के बजाय तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत दर्ज कराने से मोबाइल की बरामदगी में मदद मिल सकती है।



























































Leave a comment