Sports News / स्पोर्ट्स की खबरें

रोमांचक मुकाबलों के साथ संपन्न हुआ सुल्तानपुर बैडमिंटन टूर्नामेंट, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

सुल्तानपुर। आशीर्वाद स्पोर्ट्स क्लब, विवेकनगर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय "सुल्तानपुर बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026" का सोमवार को रोमांचक मुकाबलों के बीच भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन विभिन्न आयु वर्गों के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कई मुकाबले अंतिम क्षणों तक बेहद संघर्षपूर्ण और कांटे के रहे, जिससे खेल प्रेमियों का उत्साह पूरे समय बना रहा।

अंडर-19 बालक एकल वर्ग के फाइनल मुकाबले में अंशुमान गुप्ता ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए आकाश तिवारी को पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। वहीं अंडर-15 बालक एकल वर्ग में अधीर कुमार ने आर्यन यादव को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। अंडर-15 बालिका वर्ग में अंजली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

अंडर-13 बालक एकल वर्ग में आर्यन यादव ने देवांश तिवारी को हराकर जीत दर्ज की और विजेता बने। वहीं बालिका वर्ग में इप्सिता ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया।

ओपन डबल्स वर्ग का फाइनल मुकाबला भी काफी रोमांचक रहा। इसमें ऋषभ मिश्रा एवं आकाश तिवारी की जोड़ी ने कड़े संघर्ष के बाद आदित्य मिश्रा एवं अंशुमान गुप्ता की जोड़ी को पराजित कर चैम्पियन बनने का गौरव प्राप्त किया। इस मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया, जिस पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और निरंतर सीखने का मंच भी है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि जो प्रतिभागी इस बार सफलता से वंचित रह गए हैं, वे निराश न हों बल्कि आगे और अधिक मेहनत कर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करें।

समारोह के दौरान शरद चतुर्वेदी, अनूप गुप्ता, जावेद सलीम, अनुज गुप्ता और राजेंद्र गुप्ता समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन में यशार्थ गुप्ता, आकाश तिवारी, आदित्य मिश्रा, ऋषभ मिश्रा, अंशुमान गुप्ता, विराज तिवारी और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के सफल समापन की घोषणा की।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh