गोकशी में प्रयुक्त ट्रक और डस्टर कार राज्य सरकार के पक्ष में जब्त, कंधरापुर पुलिस की प्रभावी पैरवी रंग लाई
•18 गोवंशीय पशुओं की बरामदगी के मामले में जिलाधिकारी ने सुनाया फैसला, आठ अभियुक्तों के विरुद्ध दर्ज हुआ था मुकदमा
आजमगढ़। जनपद में गोवंशीय पशुओं की तस्करी एवं गोकशी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कंधरापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद जिलाधिकारी आजमगढ़ ने गोवंशीय पशुओं की तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और रेकी करने वाली डस्टर कार को राज्य सरकार के पक्ष में जब्त करने का आदेश पारित किया है। इस कार्रवाई से गोवंश तस्करी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 नवंबर 2025 को एसओजी प्रभारी संजय कुमार सिंह अपनी टीम तथा थाना कंधरापुर पुलिस के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक संख्या UP62T5312 में क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 18 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया गया था। ट्रक के आगे-आगे चल रही डस्टर कार संख्या UP16AN3096 से रेकी की जा रही थी। पुलिस ने मामले में आठ अभियुक्तों के विरुद्ध थाना कंधरापुर में मुकदमा अपराध संख्या 365/2025 के तहत बीएनएस, आयुध अधिनियम, गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक मुबारकपुर द्वारा की गई। विवेचना के दौरान एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर नामजद एवं प्रकाश में आए सभी अभियुक्तों के विरुद्ध 28 जून 2026 को आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, बरामद ट्रक और डस्टर कार के वाहन स्वामी भी इस मुकदमे में नामजद अभियुक्त हैं। दोनों वाहनों का इस्तेमाल गोवंशीय पशुओं की तस्करी और परिवहन जैसे अपराध में किया गया था। इसके बाद थाना कंधरापुर पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम की धारा 5(क) की उपधारा (7) के तहत दोनों वाहनों को जब्त करने के लिए जिलाधिकारी के समक्ष रिपोर्ट एवं संबंधित अभिलेख प्रस्तुत किए थे।
प्रकरण में प्रस्तुत रिपोर्ट और अभिलेखों का परीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी आजमगढ़ ने 12 अक्टूबर 2026 को ट्रक संख्या UP62T5312 और डस्टर कार संख्या UP16AN3096 को राज्य सरकार के पक्ष में सम्पहरण (जब्तीकरण) करने का आदेश पारित किया।
आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
























































Leave a comment