Latest News / ताज़ातरीन खबरें

लखनऊ में तिहरा हत्याकांड: पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या, पड़ोसी हिरासत में

•कार पार्किंग और चबूतरा निर्माण को लेकर हुआ विवाद, लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग का आरोप; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता ब्राह्मणी टोला में सोमवार सुबह मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। कार पार्किंग और मंदिर के चबूतरे के निर्माण को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मृतकों की पहचान रिटायर्ड सचिवालय कर्मचारी शिवाजी तिवारी (65), उनके भाई शिवेंद्र उर्फ शंभू तिवारी (55) और शिवाजी के बेटे सुयश तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुयश की शादी दिसंबर में होने वाली थी। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

कार पार्किंग और चबूतरे को लेकर था विवाद

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरगद के पेड़ के नीचे खाली जमीन पर कार खड़ी करने और मंदिर के चबूतरे के निर्माण को लेकर दोनों पड़ोसी परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और गोलीबारी तक पहुंच गई।

लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग का आरोप

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पड़ोसी ऋषभ शुक्ला ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से शिवाजी तिवारी और उनके बेटे सुयश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल शिवेंद्र उर्फ शंभू तिवारी को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

आरोपी हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ऋषभ शुक्ला को कथित तौर पर मौके से ही पिस्टल सहित हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विवाद के पीछे के कारणों तथा घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh