स्वस्थ और सशक्त भारत के लिए खेलों को दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर
•एसएआई एनएसआरसी लखनऊ ने फिटनेस, साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति के लिए चलाए जागरूकता कार्यक्रम
लखनऊ, 25 अक्टूबर। स्वस्थ, सक्रिय और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए खेलों तथा शारीरिक व्यायाम को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र (NSRC), लखनऊ की ओर से लखनऊ और नैनीताल में दो जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनके माध्यम से लोगों को फिटनेस अपनाने, साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
एसएआई एनएसआरसी लखनऊ के प्रभारी क्षेत्रीय निदेशक आत्मप्रकाश के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों में विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया। लखनऊ में उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (UPSSF) के सहयोग से ‘संडेज ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। साइबर सुरक्षा थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में यूपीएसएसएफ के लगभग 50 अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में पांच किलोमीटर की साइकिल रैली के साथ जुम्बा, योग, रस्सीकूद, दौड़ और पुश-अप जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रतिभागियों को ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर धोखाधड़ी से बचाव और नियमित शारीरिक व्यायाम के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 100 खेलो इंडिया केंद्रों के लगभग 1,500 प्रतिभागी भी वर्चुअल माध्यम से इस पहल से जुड़े।
दूसरी ओर, नैनीताल स्थित भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय में फिट इंडिया और एमवाई भारत पहल के तहत ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें 120 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। नशे के विरुद्ध शपथ, योग, फिटनेस चुनौतियों, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, साइकिलिंग और रस्साकशी जैसी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में यूपीएसएसएफ के निरीक्षक प्रमोद यादव और निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा लखनऊ में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं, नैनीताल में भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण सती मुख्य अतिथि तथा डॉ. नीलम जोशी और आलोक कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
एसएआई एनएसआरसी लखनऊ के निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह और सहायक निदेशक मनीष कुमार तथा प्रवीण कुमार सीएम ने इन पहलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल और शारीरिक गतिविधियां लोगों को स्वस्थ रखने के साथ अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा देती हैं।
दोनों कार्यक्रमों का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतिभागियों और अतिथियों ने फिटनेस तथा खेलों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। एसएआई एनएसआरसी लखनऊ ने इन पहलों के जरिए स्वस्थ जीवनशैली, खेलों में जनभागीदारी और नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

























































Leave a comment