Latest News / ताज़ातरीन खबरें

गरीबों की राह आसान करने उतरे भाजपा नेता संजय तिवारी, पैना से देवरिया तक मुफ्त बस सेवा शुरू

देवरिया।बरहज,आर्थिक तंगी के कारण अब किसी गरीब को पैदल जिला मुख्यालय पहुंचने की मजबूरी न हो और इलाज के अभाव में किसी परिवार को परेशान न होना पड़े, इसी उद्देश्य से भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता संजय तिवारी ने अनोखी पहल की है। उन्होंने पैना से करुअना, भलुआनी, सोनूघाट और गडेर होते हुए देवरिया तक निःशुल्क बस सेवा शुरू की है। इसके साथ ही अपने  बरहज कार्यालय पर निःशुल्क स्थायी स्वास्थ्य सेवा शिविर का भी शुभारंभ किया है।
संजय तिवारी ने कहा कि क्षेत्र में आज भी कई ऐसे गरीब और असहाय लोग हैं, जिन्हें जरूरी काम से जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। संसाधनों के अभाव में कई लोग साइकिल से या पैदल ही लंबी दूरी तय करने को मजबूर होते हैं। वहीं, इलाज के लिए आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार समय पर चिकित्सा सुविधा भी नहीं प्राप्त कर पाते। इसी समस्या को देखते हुए निःशुल्क बस सेवा और स्वास्थ्य शिविर शुरू करने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य शिविर महज एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से शुरू की गई स्थायी व्यवस्था है। उनका कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी गरीब परिवार के बच्चे या परिजन को इलाज के लिए भटकना न पड़े, यही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
संजय तिवारी ने कहा, “केवल अपना पेट पालना ही मानवता नहीं है। असली मानवता दूसरों के दुख-दर्द को समझने और जरूरत के समय उनके साथ खड़े होने में है।” उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि प्रदेश, जनपद और विधानसभा क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति बीमारी या संसाधनों की कमी के कारण असहाय महसूस न करे।
इस पहल के तहत निःशुल्क बस सेवा से क्षेत्र के लोगों को देवरिया आने-जाने में सुविधा मिलेगी, वहीं स्थायी स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद परिवारों के लिए मददगार साबित हो सकता है। क्षेत्रीय लोगों ने इसे जनहित से जुड़ी पहल बताते हुए इसकी सराहना की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुरेश तिवारी, अमित शर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में आशा कार्यकर्ता, ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अब देखने वाली बात होगी कि यह पहल जरूरतमंदों तक कितनी प्रभावी ढंग से पहुंचती है और क्षेत्र के गरीब परिवारों को इससे कितना लाभ मिलता है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh