बिलरियागंज में सातों दुर्गा प्रतिमाओं का धूमधाम से विसर्जन, जयकारों से गूंजा बाजार
बिलरियागंज आजमगढ़ । स्थानीय बाजार में स्थापित सातों पांडालों की मां दुर्गा की प्रतिमाओं का शनिवार को बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान निकली भव्य झांकी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
नया चौक, प्राचीन शिव मंदिर, हनुमान मंदिर, पुराना चौक, बघेला, राधा-कृष्ण मंदिर और कासिमगंज में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं को शनिवार शाम बाजारवासियों और पूजा समितियों के कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे के साथ विसर्जन यात्रा के लिए रवाना किया। झांकी पूरे बाजार का भ्रमण करते हुए आगे बढ़ी।
मां दुर्गा की प्रतिमाओं के साथ ढोल, नगाड़े और मृदंग की धुन पर महिलाएं, पुरुष और बच्चे नाचते-गाते हुए चल रहे थे। श्रद्धालु लगातार मां दुर्गा के जयकारे लगा रहे थे। मां भगवती के भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा बाजार गुंजायमान हो उठा।
विसर्जन यात्रा नसीरपुर और जैगहा बाजार होते हुए पटवध बाजार के पास बनाए गए विसर्जन स्थल पर पहुंची, जहां सभी प्रतिमाओं का विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया।
विसर्जन कार्यक्रम में श्रवण मोदनवाल, अमित गुप्ता, विनय मद्धेशिया, घनश्याम मोदनवाल, आलोक कुमार गुप्ता, राकेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समिति के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, विसर्जन यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। विसर्जन स्थल पर बिलरियागंज थाना अध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे।


























































Leave a comment