Accidental News / दुर्घटना की खबरें

बाइक की टक्कर से युवक की हुई मौत, ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान तोड़ा दम; पिता की पहले ही हो चुकी है मौत

आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मई खरगपुर गांव निवासी 18 वर्षीय कुणाल गौड़ की बाइक की टक्कर से मौत हो गई। बुधवार शाम गोसाई की बाजार के पास नरवा पुल पर हुए हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। गुरुवार दोपहर ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मई खरगपुर निवासी स्वर्गीय प्रमोद गौड़ का पुत्र कुणाल गौड़ बुधवार शाम करीब सात बजे पैदल गोसाई की बाजार से घर लौट रहा था। वह पुलिस चौकी गोसाई की बाजार के पास नरवा पुल पर पहुंचा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कुणाल सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर गोसाई की बाजार चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टीकरगढ़, लालगंज पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जहां गुरुवार दोपहर करीब दो बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, युवक की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुणाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी चार बड़ी बहनें थीं, जिनकी शादी हो चुकी है। भाइयों में अभी किसी की शादी नहीं हुई थी। कुणाल के पिता की करीब दो वर्ष पहले ही मौत हो चुकी थी। वह घर पर रहकर खेती-बाड़ी के काम में हाथ बंटाता था, जबकि उसका बड़ा भाई रोजी-रोटी के सिलसिले में हैदराबाद में रहता है। कुणाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh