बिलरियागंज में दशहरा मेला 22 को, पुलिस अलर्ट; थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने किया रूट डायवर्जन
बिलरियागंज, आजमगढ़। स्थानीय थाना बिलरियागंज क्षेत्र में 22 अक्टूबर को आयोजित होने वाले दशहरा मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेले को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है।
निर्धारित यातायात व्यवस्था के अनुसार मेले के दौरान वाहनों को बाईपास मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा, ताकि कस्बे में भीड़भाड़ और जाम की स्थिति से बचा जा सके।
दशहरा मेले के दौरान भगवान श्रीराम की भव्य झांकी निकाली जाएगी। वहीं कस्बे के पक्का पोखरा पर रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है।
मेले के दौरान जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। पुलिस की टीमें भीड़ और यातायात व्यवस्था पर नजर रखेंगी, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिल सके।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित रूट डायवर्जन के अनुसार ही आवागमन करें। किसी भी समस्या की स्थिति में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों अथवा शांति समिति के पदाधिकारियों से सहयोग लिया जा सकता है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से दशहरा पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है।























































Leave a comment