Politics News / राजनीतिक समाचार

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जनता दर्शन में प्रदेशभर से आए सैकड़ों लोगों की समस्याएं सुनीं

•अधिकारियों से फोन पर बात कर पात्रता एवं नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

लखनऊ, 29 सितंबर। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर मंगलवार को आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से मुलाकात कर उनकी समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं।

 

जनता दर्शन के दौरान उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर संवाद कर पात्रता एवं नियमानुसार त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जरूरतमंद लोगों को नियमानुसार शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए और जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब न हो।

 

जनता दर्शन में उपचार, आर्थिक सहायता, पुलिस, राजस्व, पारिवारिक और प्रशासनिक मामलों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं लेकर लोग पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

समस्या का समाधान हमारी प्राथमिकता

 

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में है। जनता दर्शन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके प्रभावी और समयबद्ध समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का नियमित अनुश्रवण किया जाए और प्रत्येक प्रकरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

 

उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोपरि है। प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी जाए और पात्रता के आधार पर नियमानुसार हरसंभव सहायता एवं समाधान उपलब्ध कराया जाए।

 

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली में जनता का विश्वास मजबूत करने के लिए शिकायतों का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण आवश्यक है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh