बसपा सुप्रिमों मायावती ने बारिश-तूफान प्रभावित लोगों की मदद की अपील, BSP संगठन को 3 सेक्टर में बांटा
उत्तर प्रदेश। देश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश, आंधी और तूफान से बने हालात के बीच बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने संबंधित राज्य सरकारों से प्रभावित लोगों की हर स्तर पर मदद करने की मांग की है। उन्होंने महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित क्षेत्रों और किसानों को भी तत्काल राहत देने की अपील की। यह जानकारी मायावती ने 27 सितंबर 2026 को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की।
मायावती ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को सरकारी स्तर पर आवश्यक सहायता मिलनी चाहिए। उन्होंने महाराष्ट्र के कई इलाकों में सूखे की स्थिति का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार से किसानों और अन्य प्रभावित लोगों को जमीनी स्तर पर राहत उपलब्ध कराने की मांग की।
BSP संगठन को तीन सेक्टरों में बांटने की जानकारी
मायावती ने बताया कि संगठन को मजबूत करने और पार्टी के जनाधार को बढ़ाने के उद्देश्य से BSP संगठन को तीन सेक्टरों में विभाजित किया गया है।
सेक्टर-1: इसमें 10 राज्य शामिल किए गए हैं। इनकी जिम्मेदारी राज्यसभा सांसद रामजी गौतम और सुरेश राव को केंद्रीय सेक्टर प्रभारी के तौर पर दी गई है।
सेक्टर-2: इसमें 9 राज्य शामिल हैं। इन राज्यों का संगठनात्मक काम पूर्व राज्यसभा सांसद राजाराम और पूर्व विधायक अतरसिंह राव देखेंगे।
सेक्टर-3: इसमें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को रखा गया है। इन दोनों राज्यों का काम लखनऊ स्थित BSP केंद्रीय कैंप कार्यालय, 9 माल एवेन्यू से सीधे देखा जाएगा।
आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए कार्यकर्ताओं से अपील
मायावती ने सेक्टर-1 और सेक्टर-2 के चारों केंद्रीय प्रभारियों से कहा है कि उनके संबंधित राज्यों में जहां भारी बारिश और तूफान से लोगों को नुकसान हुआ है, वहां पार्टी कार्यकर्ता अपनी सामर्थ्य के अनुसार प्रभावित लोगों की मदद करें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राहत एवं मदद के नाम पर अलग से धन एकत्र नहीं किया जाना चाहिए, ताकि इसकी आड़ में किसी प्रकार का अनुचित लाभ न उठाया जा सके।
जरूरत पड़ी तो ईशान आनंद को भेजने की बात
मायावती ने कहा कि अधिक प्रभावित राज्यों में आवश्यकता पड़ने पर BSP के राष्ट्रीय प्रभारी ईशान आनंद को भेजा जा सकता है। वहीं उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की स्थिति पर उन्होंने स्वयं नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने की बात कही है।
केंद्र सरकार से भी सहयोग की अपील
BSP प्रमुख ने केंद्र सरकार से भी अधिक प्रभावित राज्यों की सरकारों को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उनका कहना है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के स्तर पर समयबद्ध सहयोग जरूरी है।

























































Leave a comment