Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर बड़ा हादसा टला, चलती क्रेटा कार पर गिरा विशाल पीपल का पेड़

आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर शनिवार सुबह करीब 10 बजे तेज आंधी-बारिश के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। श्रीनगर (सियरहां) गांव के पास अचानक एक विशाल पीपल का पेड़ सड़क से गुजर रही क्रेटा कार के ऊपर जा गिरा। पेड़ के नीचे कार बुरी तरह दब गई, लेकिन उसमें सवार तीन लोग बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार कार में वाहिद खान पुत्र मोहम्मद अजमल, उनकी माता रुखसाना बानो और करीब 10 वर्षीय जोहैर खान, निवासी जयराजपुर थाना बिलरियागंज, सवार थे। बताया गया कि तीनों बच्चे के ऑपरेशन के लिए जयराजपुर से आजमगढ़ स्थित डॉ. अब्दुल्ला के यहां जा रहे थे। इसी दौरान श्रीनगर (सियरहां) गांव के पास अचानक विशाल पीपल का पेड़ कार पर गिर गया।

पेड़ गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।

घटना की सूचना मिलने पर बिलरियागंज थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वहीं, पेड़ के सड़क पर गिरने से आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

पुलिस और ग्रामीणों की मदद से जेसीबी के जरिए सड़क से विशाल पेड़ हटाने का प्रयास किया गया। मौके पर एसआई विनोद शंकर, आरक्षी रामबाबू, राकेश वर्मा समेत बिजली विभाग की टीम मौजूद रही। हादसे के बाद मार्ग को सुचारु कराने का काम जारी रहा।

गनीमत रही कि तेज आंधी-बारिश के बीच हुए इस हादसे में कार सवार तीनों लोगों की जान बच गई।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh