Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: दिवंगत होमगार्ड संजय पाण्डेय की पत्नी को मिला 30 लाख रुपये का चेक

आजमगढ़। जहानागंज कंपनी में तैनात होमगार्ड संजय कुमार पाण्डेय, जो डायल-112 में चालक के रूप में सेवाएं दे रहे थे, का 18 जून 2026 को विद्युत स्पर्शाघात से आकस्मिक निधन हो गया था। उनके परिवार को विभाग की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

25 सितंबर 2026 को होमगार्ड मुख्यालय के सभागार में पुलिस महानिदेशक/कमाण्डेन्ट जनरल होमगार्ड्स ध्रुवकांत ठाकुर ने दिवंगत होमगार्ड की आश्रिता पत्नी संजू पाण्डेय को 30 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।

यह सहायता होमगार्ड विभाग और एक्सिस बैंक के बीच हुए अनुबंध के तहत बैंक खाते के आधार पर प्रदान की गई। इस दौरान डीजी होमगार्ड ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि होमगार्ड जवान कानून-व्यवस्था और आपात परिस्थितियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनके आश्रितों की सहायता विभाग की प्राथमिकता है।

बताया गया कि इससे पहले शासन द्वारा अनुमन्य 5 लाख रुपये की अनुग्रह धनराशि भी संजय पाण्डेय की आश्रिता पत्नी को दी जा चुकी है।

कार्यक्रम में डिप्टी कमाण्डेंट जनरल रामकृष्ण वर्मा, जिला कमाण्डेंट आजमगढ़ विनोद कुमार झा, एक्सिस बैंक के रीजनल हेड विनोद दुबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh