सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और धमकी भरे पोस्ट करने वाले युवक पर कार्रवाई
तहबरपुर/आजमगढ़। सोशल मीडिया पर गाली-गलौज, धमकी एवं दबंगई से जुड़े पोस्ट करने के मामले में तहबरपुर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के चलते गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष चालान किया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई और भड़काऊ पोस्ट करने वालों के विरुद्ध “ऑपरेशन वज्रपात” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान इंस्टाग्राम पर गाली-गलौज एवं धमकी भरे पोस्ट करने वाली आईडी priyanshuu0001 पुलिस की निगरानी में आई।
जांच में उक्त आईडी को तहबरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलवा बिशुनपुर निवासी प्रियांशु चौरसिया (21) पुत्र राजकुमार चौरसिया से संबंधित पाया गया। पुलिस के मुताबिक युवक को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसके उग्र व्यवहार के चलते शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हुई।
इसके बाद तहबरपुर पुलिस ने बुधवार को करीब 11:20 बजे प्रियांशु चौरसिया को धारा 170/126/135 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की और न्यायालय के समक्ष चालान किया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सूर्यपाल और कांस्टेबल वन्दन सिंह, थाना तहबरपुर शामिल रहे।



























































Leave a comment