आयुर्वेद दिवस पर निकली जागरूकता रैली
देवरिया। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में 11वां आयुर्वेद दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य तथा जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर एवं भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर आयुर्वेद के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जनजागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य विकास अधिकारी, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में राजकीय इंटर कॉलेज के छात्रों सहित सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली के दौरान लोगों को आयुर्वेद के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम परिसर में आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं एलोपैथी विभाग की ओर से चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई और लोगों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। चिकित्सा शिविर का करीब एक हजार लोगों ने लाभ उठाया। इस दौरान औषधीय एवं उपयोगी पौधों आमलकी, अनार, अमरूद, नींबू, तुलसी और घृतकुमारी आदि का वितरण भी किया गया। मुख्य विकास अधिकारी एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ने लोगों को पौधे वितरित किए और इनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डॉ. सुभाष चंद्र यादव, डॉ. सृजन राय, डॉ. रजनीश यादव, डॉ. राज कपूर, डॉ. मयंका, डॉ. अजीत नारायण मिश्रा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, होम्योपैथी एवं एलोपैथी चिकित्साधिकारी, संजय कुमार पांडेय, परितोष सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए योग प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षिकाओं ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान शहर के कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।



























































Leave a comment