Latest News / ताज़ातरीन खबरें

विभिन्न निधियों से कराए जा रहे विकास कार्यों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यकक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी), सांसद निधि, पूर्वांचल विकास निधि एवं त्वरित विकास निधि से कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभागवार कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
       जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। जिन कार्यों में किसी स्तर पर बाधा आ रही है, उसका तत्काल समाधान कराकर कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने तथा निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
       समीक्षा के दौरान सांसद निधि के कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग एवं विद्युत खंड के अधिशासी अभियंता को  विरुद्ध शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
         जिलाधिकारी ने स्वीकृत कार्यों को समय से प्रारंभ कराने तथा निर्माणाधीन कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाए।
        बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh