भारत माता के लाल सीआरपीएफ जवान यशवंत गौतम पंचतत्व में विलीन
देवरिया।पडरी बाजार देवरिया निवासी स्वर्गीय नथुनी प्रसाद के पुत्र एवं सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात यशवंत कुमार गौतम का पार्थिव शरीर रविवार को भागलपुर स्थित कालीचरण घाट पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि के बीच पंचतत्व में विलीन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि यशवंत कुमार गौतम मणिपुर में सीआरपीएफ में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान बीमारी के कारण उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी विद्यावती देवी तथा पुत्र आदित्य कुमार, प्रियांशु और आयुष का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
रविवार को जब उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए भागलपुर के कालीचरण घाट पहुंचा तो वहां पहले से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। पिता के अंतिम संस्कार के दौरान बच्चों के बिलखने से घाट का माहौल बेहद गमगीन हो गया। परिजनों के करुण क्रंदन से हर किसी की आंखें नम हो गईं।
बनारस स्थित सीआरपीएफ की 95वीं बटालियन से इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह अपने दल-बल के साथ कालीचरण घाट पहुंचे। सीआरपीएफ जवानों ने अपने साथी को पूरे सम्मान के साथ सलामी दी और भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अंतिम विदाई दी।
इस दौरान कालीचरण घाट पर सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। लोगों ने ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले यशवंत कुमार गौतम को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। माहौल में एक ओर देशभक्ति का जोश था तो दूसरी ओर अपने लाल को खोने का गहरा गम दिखाई दे रहा था।
ग्रामीणों ने कहा कि देश की सुरक्षा और सेवा में तैनात रहने वाले यशवंत कुमार गौतम का बलिदान और उनकी सेवाभावना क्षेत्रवासियों के लिए हमेशा याद रखेंगा।

























































Leave a comment