Crime News / आपराधिक ख़बरे

जौनपुर: नहर किनारे धान के खेत में सैलून संचालक का शव मिलने से सनसनी

खेतासराय, जौनपुर। थाना क्षेत्र के कलापुर बाजार के पास नहर किनारे धान के खेत में रविवार सुबह सैलून संचालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान खुटहन थाना क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर गांव निवासी 43 वर्षीय विनोद कुमार गौतम पुत्र नंदलाल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार विनोद कुमार गौतम एतमादपुर गांव के पास सैलून चलाते थे। शनिवार की देर शाम वह साइकिल से दुकान से घर के लिए निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रातभर खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका।

रविवार की सुबह कलापुर बाजार से करीब 500 मीटर पहले नहर के किनारे पानी से भरे धान के खेत में उनका शव पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मृतक की पहचान की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों की ओर से घटना को लेकर अनहोनी की आशंका जताई गई है और जांच की मांग की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक विनोद की पत्नी ने बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे उनकी पति से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने तलाश शुरू की।

वहीं, खेतासराय थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के अनुसार प्रथम दृष्टया तेज आंधी-बारिश के दौरान साइकिल से अनियंत्रित होकर गिरने और पानी भरे खेत में चले जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक तीन बच्चों के पिता बताए गए हैं।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh