Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़: लालगंज तहसील में प्रार्थना पत्र देने आई 70 वर्षीय महिला की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में मौत; डॉक्टरों की गैरहाजिरी पर एसडीएम नाराज

आजमगढ़। लालगंज तहसील परिसर में सोमवार को जमीन विवाद से संबंधित प्रार्थना पत्र देने आई 70 वर्षीय महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। तहसील अधिकारियों ने महिला को तत्काल सरकारी वाहन से सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी सुमित्रा मौर्या (70) पत्नी रामप्रसाद मौर्या का अपने पाटीदार से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले में वह एसडीएम नेहा मिश्रा को प्रार्थना पत्र देने लालगंज तहसील पहुंची थीं।

बताया गया कि प्रार्थना पत्र देने के बाद तहसील परिसर से बाहर निकलते समय अचानक उन्हें चक्कर आया और वह गिर पड़ीं। सूचना मिलने पर तहसीलदार शिवप्रकाश सरोज और न्यायिक तहसीलदार विवेकानंद दूबे मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने महिला को सरकारी वाहन से तत्काल सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। महिला की मौत की सूचना मिलने पर एसडीएम नेहा मिश्रा भी अस्पताल पहुंचीं और वहां की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान चार चिकित्सकों के अनुपस्थित मिलने की बात सामने आई, जिस पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराने और चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महिला की मौत के बाद परिजनों में शोक का माहौल है। मामले में महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने और मौत के कारणों को लेकर चिकित्सकीय प्रक्रिया के अनुसार स्थिति स्पष्ट होगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh