माहुल में बैंक के सामने युवक का शव मिलने से सनसनी
• एक दिन पहले बहन की उठी डोली, दूसरे दिन उसी घर से उठी भाई की अर्थी; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल बाजार में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा के सामने करीब 35 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। शव की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक की पहचान परवेज पुत्र कासिम, निवासी ग्राम रसूलपुर अहमद अली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परवेज शादी-विवाह समारोहों में कैटरिंग का काम करता था। परिजनों के मुताबिक, एक दिन पहले ही घर में बहन की शादी की खुशियां थीं और उसे विदा किया गया था, लेकिन अगले ही दिन भाई की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।
मस्जिद के शौचालय जाने के बाद मारपीट का आरोप
परिजनों का आरोप है कि सोमवार को परवेज पेशाब करने के लिए मस्जिद के शौचालय की ओर गया था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ युवकों से उसका विवाद हुआ और उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों के अनुसार, युवकों ने उस पर शराब का सेवन करने का आरोप लगाया था।
हालांकि, मारपीट और हत्या से जुड़े इन आरोपों की पुलिस की ओर से अभी पुष्टि नहीं की गई है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बैंक के सामने मिला शव
मंगलवार सुबह परवेज का शव माहुल स्थित बैंक के सामने मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अहरौला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।
मृतक के परिजनों ने गांव के ही दो व्यक्तियों पर हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस ने क्या बताया?
क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर विजय कुमार सिंह गौर के अनुसार, अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल स्थित काशी गोमती बैंक के पास परवेज पुत्र कासिम, निवासी ग्राम रसूलपुर अहमद अली का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया है कि मृतक शराब पीने का आदी था। मामले में इत्तेफाकिया दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों और युवक की मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
GGS NEWS 24 | आजमगढ़

























































Leave a comment