लार सीएचसी पर सीएमओ ने जताई कड़ी नाराजगी अधिकारियों को लगाई फटकार
देवरिया।स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लाख दावों की पोल सोमवार को लार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सतीश कुमार सिन्हा ने औचक निरीक्षण किया। अस्पताल में पहुंचते ही स्वास्थ्य कर्मियों और जिम्मेदारों के बीच हड़कंप मच गया। न तो अस्पताल के अधीक्षक अपनी कुर्सी पर मिले और न ही मरीजों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाएं पूरी थीं। जनता की लगातार मिल रही शिकायतों और पत्रकारों के तीखे सवालों के सामने जब व्यवस्थाएं कमतर साबित हुईं, तो सीएमओ का पारा चढ़ गया और उन्होंने लापरवाहों को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान उजागर हुईं ।
अस्पताल के मुख्य अधीक्षक डॉ. अतुल कुमार निरीक्षण के समय गायब मिले, जिस पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
जांचों और सुविधाओं का टोटा: अस्पताल में एक्स-रे प्लेट की भारी कमी और एलएफटी (LFT) व केएफटी (KFT) जैसी जरूरी खून की जांचें ठप मिलने पर पत्रकारों ने जब कड़े सवाल किया, तो प्रबंधन के पास कोई जवाब नहीं था।
दवा भंडार और साफ-सफाई की खुली पोल: सीएमओ ने दवा स्टोर, रिकॉर्ड रूम और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां कई गंभीर खामियां पाई गईं।
पत्रकारों और जनता के तीखे सवालों से घिरे सीएमओ डॉ. सतीश कुमार सिन्हा ने कड़े तेवर दिखाते हुए अधीनस्थों को चेतावनी दी। उन्होंने दो-टूक शब्दों में कहा कि लार सीएचसी की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में अब तत्काल व्यापक सुधार दिखना चाहिए। अस्पताल की चौखट पर आने वाले हर गरीब और मरीज को समय पर समुचित इलाज, दवाइयां और सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और दोषी पाए जाने वालों पर सीधे कार्रवाई की जाएगी।
इस औचक निरीक्षण के दौरान डॉ. आनंद प्रकाश, डॉ. आशुतोष सिंह, फार्मासिस्ट हारुन खान, शमशाद आलम, संतोष और बलवीर सहित कई स्वास्थ्य कर्मी मौके पर मौजूद रहे। सीएमओ के इस कड़े रुख के बाद महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

























































Leave a comment