गन्ने के खेत में मिला दो माह का मासूम बच्चा
देवरिया। थाना क्षेत्र के घांटी खुटहा गांव में गन्ने के खेत में करीब दो माह का मासूम बच्चा मिलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। सुबह खेत की तरफ से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर पहुंचीं दुर्गावती देवी उसे उठाकर अपने घर ले आईं। मासूम को इस हालत में देखकर ग्रामीण हैरान रह गए। बच्चे को किसने और किन परिस्थितियों में खेत में छोड़ा इसको लेकर गांव में तरह तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
जानकारी के अनुसार घांटी खुटहा गांव निवासी दुर्गावती देवी पत्नी अवधेश खरवार सुबह शौच के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान उन्हें गन्ने के खेत की ओर से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में पहुंचीं तो करीब दो माह का बच्चा अकेला पड़ा मिला। उन्होंने तत्काल मासूम बच्चे को उठाकर घर पहुंचाया और वर्तमान ग्राम प्रधान रामानंद यादव को सूचना दी। ग्राम प्रधान ने मौके पर पहुंचकर संबंधित अधिकारियों और पुलिस को जानकारी दी। सूचना के बाद भटनी पुलिस गांव पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। बच्चे की सुरक्षा को देखते हुए 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के माध्यम से भी सूचना दी गई। इसके बाद देवरिया से चाइल्ड केयर की टीम रीमा कुशवाहा, विशाखा गौर केश्वरकर मौके पर पहुंची। टीम जब बच्चे को अपने संरक्षण में लेने लगी तो कुछ ग्रामीणों ने विरोध जताया। अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि मासूम की सुरक्षा और भविष्य के लिए नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है। इसके बाद आवश्यक लिखापढ़ी कर टीम बच्चे को अपने साथ देवरिया ले गई। दुर्गावती देवी ने मासूम के पालन पोषण की जिम्मेदारी लेने की इच्छा जताई है।

























































Leave a comment