जनगणना के द्वितीय चरण को लेकर शिक्षक-शिक्षिकाओं को दिया गया प्रशिक्षण
देवरिया। भारत की जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत गुरुवार को भाटपार रानी तहसील क्षेत्र के रघुराज सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज बहियारी बघेल में शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 22 अक्टूबर से 2 नवंबर तक निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत लगभग तीन दिनों तक चलने वाले एक बैच में 350 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान जनगणना की प्रक्रिया, मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल गणना, प्रगणकों के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
यह प्रशिक्षण आजादी के बाद देश में हो रही आठवीं जनगणना की तैयारियों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। इस बार जनगणना को डिजिटल माध्यम से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में प्रगणकों को मोबाइल ऐप के इस्तेमाल, जनगणना से संबंधित सूचनाओं के संकलन, निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन तथा कार्यों को जिम्मेदारी और सावधानी के साथ पूरा करने के संबंध में जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य जनगणना कार्य को व्यवस्थित, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षक पंकज कुमार शुक्ल, सर्वेश कुमार मल्ल, अर्पण कुमार भारती, राकेश कुमार यादव, केशव बिहारी मिश्र, संदीप प्रकाश वर्मा, मोहम्मद आदिल, प्रवीण कुमार कुरैशिया, राजीव गुप्ता, रामबली गुप्ता, अवधेश प्रसाद, इंद्रजीत कुमार भारती, विजय गिरी सहित विराट यादव की टीम ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण संबंधी जानकारी प्रदान की।
इस दौरान भाटपार रानी के एसडीएम दीपराज सिंह, तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार सुशील तिवारी, कानूनगो विशाल यादव, जनगणना कानूनगो ज्ञानचंद्र तथा लेखपाल विमलेंदु पांडेय, यास्मीन, रमेश चंद्र यादव, ब्रजराज कुमार गौतम और जयप्रकाश सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं और जनगणना की तैयारियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।
प्रशिक्षण में शामिल शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए नाश्ते की व्यवस्था भी की गई थी। वहीं, रघुराज सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज, बहियार बघेल के प्रधानाचार्य छत्रसाल सिंह ने अधिकारियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अपने जिम्मेदार शिक्षकों एवं कर्मचारियों को भी आवश्यक व्यवस्थाओं में लगाया।
जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों के मद्देनजर आयोजित इस प्रशिक्षण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डिजिटल माध्यम और मोबाइल ऐप के उपयोग के साथ प्रगणकों को उनके दायित्वों की जानकारी मिलने से आगामी जनगणना कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराने में मदद मिलेगी।


























































Leave a comment