Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बिलरियागंज का ऐतिहासिक मेला धूमधाम से संपन्न, राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा जनसैलाब

बिलरियागंज (आजमगढ़)। बिलरियागंज बाजार का ऐतिहासिक मेला बृहस्पतिवार को देर रात तक बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। दोपहर बाद से ही मेले में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने मेले का खूब आनंद उठाया। बच्चों ने गुब्बारे और खिलौने खरीदे, वहीं महिलाओं ने चूड़ी, बिंदी, सिंदूर और घर की सजावट के सामान की खरीदारी की। छोले, फुल्की और जलेबी की दुकानों पर भी भीड़ लगी रही।

मेले का प्रमुख आकर्षण राम, लक्ष्मण और सीता की झांकी रही। सजे हुए रथ पर निकाली गई झांकी पुराना चौक से नया चौक होते हुए पक्का पोखरा पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में बाजारवासी जय श्रीराम के उद्घोष के साथ शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। पक्का पोखरा पर राम-रावण युद्ध का मंचन देखने के लिए बच्चों, युवाओं और महिलाओं की भारी भीड़ जुटी। रावण वध के साथ ही सत्य की असत्य पर, धर्म की अधर्म पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का संदेश दिया गया।

सात स्थानों पर स्थापित की गईं मां दुर्गा की प्रतिमाएं

मेले में सात स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। इनमें कासिमगंज में बजरंग दल समिति, राधा-कृष्ण मंदिर पर यंग स्टार क्लब, पुराना चौक में शिव शक्ति समिति, हनुमान मंदिर पर हनुमानगढ़ी रक्षक दल, पक्का पोखरा पर आजाद धर्म रक्षक दल, प्राचीन शिव मंदिर पर बाल धर्म रक्षक दल तथा बघेला में लायंस क्लब की ओर से प्रतिमाएं स्थापित की गईं। सभी पंडाल श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण और आस्था के केंद्र बने रहे। पुराना चौक स्थित शिव शक्ति समिति की प्रतिमा की सजावट लोगों को विशेष रूप से पसंद आई।

पुलिस की मुस्तैदी से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ मेला

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मेला परिसर के सभी पंडालों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पुलिस प्रशासन लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेता रहा। पुलिस की मुस्तैदी के बीच ऐतिहासिक मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh