पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दो कारों की भीषण टक्कर, बिहार के दो लोगों की मौत; आजमगढ़ के 5 घायल
आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार, 24 अक्टूबर को सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बढ़ौली गांव के पास मारुति अर्टिगा और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। हादसे में आजमगढ़ के एक परिवार के पांच सदस्य भी घायल हुए हैं।
गलत दिशा में आने से टक्कर की आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि एक वाहन के गलत दिशा में आने के कारण दोनों कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बिहार के दो लोगों की मौत
हादसे में बिहार निवासी श्याम बिहारी सिंह (62) और अजय कुमार गुप्ता (40) की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बेटे की शादी की खरीदारी के लिए लखनऊ जा रहा था आजमगढ़ का परिवार
हादसे में घायल आजमगढ़ के लोग कलन्दरपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, परिवार अपने बेटे की शादी की खरीदारी के लिए लखनऊ जा रहा था। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
आजमगढ़ के घायलों में रीता (45), पत्नी राजेश, उनकी बेटी दीक्षा (18), दीपशिखा (21), गरिमा (25), पुत्री विनोद और संदीप यादव (30), पुत्र सुरेश यादव शामिल हैं।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार और परिचितों में चिंता का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

























































Leave a comment