परीक्षा देने जा रहे छात्र-छात्राओं की बाइक में पिकअप ने मारी जोरदार टक्कर, दोनों गंभीर
देवरिया। परीक्षा देने जा रहे छात्र-छात्राओं की बाइक को तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया।
मिली जानकारी के अनुसार, बघौचघाट थाना क्षेत्र के भठही गांव निवासी प्रसून शुक्ला (28) और रतनपुरा निवासी तान्या (22) गुरुवार को बाइक से परीक्षा देने जा रहे थे। दोनों बैतालपुर-रामपुर कारखाना मार्ग पर बरारी के पास पहुंचे ही थे कि इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार छात्र और छात्रा सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार की व्यवस्था कराई।
वहीं, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप और बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बैतालपुर चौकी इंचार्ज आशीष कुमार तिवारी ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा देने जा रहे छात्र-छात्राओं के साथ हुए इस हादसे से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। ऐसे में वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की जा रही है।

























































Leave a comment