Latest News / ताज़ातरीन खबरें

दो पहिया वाहन की आमने-सामने हुई भिड़ंत में पिता की मौत, दो छात्राओं सहित चार घायल

देवरिया। बरहज-लार रोड राम जानकी मार्ग पर रामपुर कोटवा के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दो छात्राओं सहित चार लोग घायल हो गए, जबकि एक पिता की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना मईल के बढ़या हरदो निवासी गुड्डू प्रसाद (40) पुत्र स्व. मोहन प्रसाद अपनी मोटरसाइकिल से अपनी 13 वर्षीय पुत्री पायल और 10 वर्षीय पुत्री चंचल को लेकर बरहज से अपनी ससुराल टीकर जा रहे थे। अभी वह राम जानकी मार्ग पर रामपुर कोटवा के निकट पहुंचे थे कि सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर में गुड्डू प्रसाद जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी दोनों पुत्रियां पायल और चंचल भी बुरी तरह घायल हो गईं। दूसरी बाइक पर सवार दोनों भाई विशाल (30) पुत्र गुड्डू और शनि (25) निवासी दबौली, थाना सिकंदरपुर को भी काफी चोट आई।
आसपास के लोगों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बरहज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने देखते ही गुड्डू प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद से गुड्डू की पत्नी लीलावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गुड्डू मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक अपने पीछे तीन पुत्रियां और एक दो वर्ष का पुत्र छोड़ गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पूछे जाने पर थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया है। शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है, बाकी विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh