डीएम ने दीपावली से पूर्व आशा, एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सहित सभी संबंधित कर्मचारियों का भुगतान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
देवरिया ।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार (आईसीडीएस) विभाग के अंतर्गत कार्यरत आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों के मानदेय एवं पारिश्रमिक भुगतान की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी संबंधित कर्मचारियों का भुगतान दीपावली पर्व से पूर्व प्रत्येक दशा में सुनिश्चित किया जाए, ताकि त्योहार के अवसर पर किसी भी कर्मचारी को आर्थिक कठिनाई का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग एवं आईसीडीएस विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के लंबित भुगतान की जानकारी प्राप्त की। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कार्यरत सभी आशा, एएनएम एवं सीएचओ अन्य और संबंधित कर्मचारियों को अक्टूबर माह का भुगतान किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने इस पर संतोष व्यक्त करते हुए बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की भुगतान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ), आईसीडीएस को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में कार्यरत सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों का लंबित मानदेय एवं देय भुगतान दीपावली से पूर्व अनिवार्य रूप से कर दिया जाए। भुगतान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न की जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कर्मचारियों को समय से उनका देय भुगतान उपलब्ध कराना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भुगतान प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एसके सिंहा, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी गण आदि उपस्थित रहे।



























































Leave a comment