प्रेमजाल में फंसाकर युवतियों को बिहार में बेचने के आरोप में पति-पत्नी गिरफ्तार मानव तस्करी गिरोह का खुलासा
आजमगढ़ । जनपद में युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर मानव तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचाने के मामले में आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अहरौला थाना क्षेत्र से लापता हुई 18 वर्षीय युवती के मामले की जांच करते हुए पुलिस ने बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि दोनों युवतियों को बहला-फुसलाकर दूसरे लोगों के हाथों बेचने वाले गिरोह से जुड़े हैं। पुलिस के मुताबिक, 18 मार्च 2026 को अहरौला थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी 18 वर्षीय पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान मानव तस्करी और अनैतिक व्यापार से जुड़े गंभीर तथ्य सामने आने पर मुकदमे में मानव तस्करी समेत अन्य धाराएं बढ़ाई गईं। जांच के दौरान सर्विलांस की मदद से पुलिस को आरोपियों की लोकेशन बिहार के पूर्वी चंपारण में मिली। इसके बाद उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चकिया स्थित चनकपुरी महावीर आई अस्पताल के पास दबिश देकर 5 नवंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक राज (22) और उसकी पत्नी सितारा खातून (21), निवासी पूर्वी चंपारण, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में अभिषेक ने कथित तौर पर बताया कि वह युवतियों को प्रेमजाल में फंसाता था और अपनी पत्नी के माध्यम से गफ्फार मियां व उसकी पत्नी बिन्द्या तक पहुंचाता था। आरोप है कि इसके बदले उसे रुपये मिलते थे। पुलिस के अनुसार, गफ्फार मियां युवतियों का शोषण करने के बाद उन्हें पूर्णिया के आसपास वेश्यावृत्ति के लिए बेच देता था।पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



























































Leave a comment