प्रगणकों और सुपरवाइजरों को मिले नियुक्ति पत्र व पहचान पत्र, मॉक सर्वे के जरिए समझाई गई घर-घर गणना की प्रक्रिया
देवरिया। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत सहजौर स्थित मां सुकली देवी डिग्री कॉलेज में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम चौथे बैच के समापन के साथ संपन्न हो गया।अंतिम दिन तहसीलदार सुशील कुमार ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों को नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र वितरित किए।साथ ही सभी को जनगणना कार्य पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से संपन्न कराने की शपथ दिलाई।प्रशिक्षण के दौरान मॉक सर्वे के माध्यम से प्रशिक्षुओं को घर-घर जाकर जनगणना करने की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।पीई ऐप पर आंकड़े दर्ज करने और डिजिटल माध्यम से सूचनाएं संकलित करने की जानकारी दी गई।फील्ड ट्रेनर डॉ. गोविंद मिश्रा,अरविंद कश्यप,रमेश तिवारी, मिथिलेश यादव और नरेंद्र मिश्रा ने बताया कि इस बार जनगणना कार्य में मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।प्रशिक्षण में व्यक्तिगत, सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक और पारिवारिक जानकारियों के संकलन के साथ आंकड़ों की शुद्धता और गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।तहसीलदार सुशील कुमार ने कहा कि घर-घर गणना के दौरान प्रत्येक परिवार से निर्धारित प्रश्न पूछकर सही और तथ्यात्मक जानकारी दर्ज करना जरूरी है। किसी भी जानकारी को अनुमान के आधार पर दर्ज न करें और निर्धारित प्रक्रिया का पूरी निष्ठा से पालन करें।
इस दौरान प्रधानाध्यापक निर्भय सिंह, शिशिर राय, अरविंद कश्यप,कन्हैया,नरेंद्र मिश्रा,सर्वेश यादव, मिथिलेश चौरसिया,मिथिलेश यादव समेत अन्य फील्ड ट्रेनर, प्रगणक और सुपरवाइजर मौजूद रहे।
16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना की सुविधा
जनगणना-2027 के तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराने का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर गणना की जाएगी। चार जनवरी की रात बेघर लोगों की गणना होगी, जबकि पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण निर्धारित है।



























































Leave a comment