Latest News / ताज़ातरीन खबरें

स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, टाइल्स मिस्त्री गंभीर

आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार टाइल्स मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा जीयनपुर स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल के पास हुआ। युवक अपने घर में टाइल्स लगवाने के लिए मिस्त्री के साथ सामान खरीदने जा रहा था।

दाउदपुर गांव निवासी मुकेश राजभर (26) पुत्र विक्रम राजभर अपने घर में टाइल्स लगवाने के लिए गांव के टाइल्स मिस्त्री मानिकचंद चौहान (40) पुत्र डेभा चौहान निवासी टीमलपट्टी, जोगियाबीर के साथ बाइक से जीयनपुर जा रहा था।

बताया गया कि इसी दौरान लाटघाट की ओर से आ रही सेंट जेवियर्स स्कूल की बस स्कूल के गेट के अंदर मुड़ रही थी। इसी दौरान बाइक बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मानिकचंद गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस से घायल मानिकचंद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाटघाट ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

घर बनवाने की खुशी मातम में बदली

मुकेश दिल्ली में निजी नौकरी करता था और कुछ दिन पहले ही अपना घर बनवाने के लिए गांव आया था। घर में टाइल्स लगवाने का काम शुरू होना था। इसी सिलसिले में वह मिस्त्री के साथ सामान खरीदने निकला था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

मुकेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसका छोटा भाई रामकेश राजभर इजरायल में नौकरी करता है। परिवार में चार बहनें हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है और दो अभी छोटी हैं। मां सेवती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के अनुसार, हादसे में बेटे की मौत की सूचना घर की महिलाओं को तत्काल नहीं दी गई थी।

पुलिस ने कहा—तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई

जीयनपुर कोतवाल संजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायल को उपचार के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, सेंट जेवियर्स स्कूल जीयनपुर के प्रबंधक संजय पाठक ने घटना पर जानकारी होने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि चालक की लापरवाही सामने आती है तो स्कूल प्रबंधन की ओर से भी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh