Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: मिड-डे मील की दाल में निकली छिपकली, अभिभावकों में रोष; जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन

पवई (आजमगढ़)। शिक्षा क्षेत्र पवई के इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय गुमकोठी में मंगलवार को मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की दाल में छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। दाल में छिपकली देखकर बच्चों ने भोजन करने से इनकार कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर अभिभावक विद्यालय पहुंच गए और लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें सभी बच्चे स्वस्थ पाए गए।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय में कुल 104 बच्चों का नामांकन है, जबकि घटना के दिन 50 बच्चे उपस्थित थे। विद्यालय में चार शिक्षक, एक शिक्षामित्र और दो रसोइयां तैनात हैं। मंगलवार को बच्चों के लिए दोपहर के भोजन में दाल-चावल बनाया गया था। भोजन परोसते समय दाल में छिपकली दिखाई देने पर बच्चों ने खाना खाने से मना कर दिया। विद्यालय स्टाफ ने तत्काल भोजन फेंकवा दिया।

इसके बाद शिक्षकों ने बच्चों के घर जाकर अभिभावकों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही अभिभावक विद्यालय पहुंचे और शिक्षकों से सवाल-जवाब किए। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान को भी मामले से अवगत कराया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया परीक्षण

ग्राम प्रधान ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई के अधीक्षक डॉ. जावेद को घटना की सूचना दी। उनके निर्देश पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीम विद्यालय पहुंची। टीम में डॉ. विद्यासागर, डॉ. नुजहत फातमा, डॉ. फरहान और एएनएम यादव शामिल रहीं। स्वास्थ्य टीम ने बच्चों का परीक्षण किया, जिसमें सभी की स्थिति सामान्य पाई गई।

जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका आरती यादव ने बताया कि भोजन निकालते समय ही दाल में छिपकली होने की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद तत्काल भोजन फेंकवा दिया गया।

वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी पवई संतोष कुमार सिंह ने कहा कि कीड़े कहीं भी चले जाते हैं। उन्होंने मामले की जांच के बाद रसोइयों को हटाने की कार्रवाई किए जाने की बात कही।

घटना के बाद विद्यालय में बच्चों को परोसे जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अभिभावकों ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भोजन की नियमित जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की आवश्यकता जताई है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh