Latest News / ताज़ातरीन खबरें

कल्याणकारी शिविर में 40 लाभार्थियों को मिले स्वीकृति प्रमाण पत्र, 19 लोगों की समस्याओं का हुआ निस्तारण

देवरिया।जिलाधिकारी के निर्देश पर ‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ की भावना के तहत मंगलवार को भाटपाररानी विकास खंड सभागार में कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से संबंधित स्वीकृति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना था।
          शिविर में भाजपा मंडल अध्यक्ष विशम्भर पाण्डेय एवं भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शम्स परवेज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अविनाश मणि त्रिपाठी ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के तहत 10 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र तथा छात्रवृत्ति योजना के तहत 30 छात्र-छात्राओं को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के पांच, समाज कल्याण विभाग के पांच तथा जिला प्रोबेशन विभाग के चार लाभार्थियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनका मौके पर निस्तारण किया गया।
       मुख्य अतिथियों ने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सभी को जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कल्याण सेक्टर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने की दिशा में प्रभावी प्रयास करने की अपेक्षा की।
       कार्यक्रम के अंत में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अविनाश मणि त्रिपाठी ने अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh