Education world / शिक्षा जगत

जौनपुर मेडिकल कॉलेज में संचारी रोग नियंत्रण और 'दस्तक' अभियान तेज, डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए व्यापक तैयारियाँ

जौनपुर: उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर संचारी रोग नियंत्रण अभियान (1 से 31 जुलाई 2026) और "दस्तक" अभियान (11 से 31 जुलाई 2026) के तहत उमा नाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में मानसून के दौरान फैलने वाले संक्रामक एवं वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की गई हैं।

महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर. बी. कमल ने बताया कि वर्षा ऋतु में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस, स्क्रब टायफस, वायरल फीवर, दस्त और टाइफाइड जैसी बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए अस्पताल में सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर दी गई हैं। मरीजों के लिए जांच, उपचार, दवाएं, प्रशिक्षित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह उपलब्ध हैं।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए. जाफरी ने बताया कि अस्पताल में तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है तथा सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। संक्रामक रोगों के उपचार के लिए पर्याप्त दवाएं, जांच सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध हैं।

सामुदायिक चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. अनुज सिंह ने बताया कि अभियान के तहत मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ अर्बन हेल्थ ट्रेनिंग सेंटर (UHTC), रहूलाबाद में विशेष फ्लू क्लिनिक संचालित किया जा रहा है, जहां बुखार, खांसी, सर्दी और अन्य संक्रमण के मरीजों की जांच एवं परामर्श दिया जा रहा है। गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर विशेषज्ञों से उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा पोस्टर, बैनर, स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम, विद्यालयों और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, जलभराव रोकने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने, स्वच्छ पेयजल के उपयोग और व्यक्तिगत साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

"दस्तक" अभियान के अंतर्गत एमएसडब्ल्यू और आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, खांसी, दस्त और अन्य संक्रामक रोगों के संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें समय पर जांच और उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थानों से जोड़ रहे हैं।

प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर. बी. कमल ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखें, जलभराव न होने दें, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं और बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें, ताकि संक्रामक रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh