खरसहन कला के प्राचीन शिव मंदिर का युद्धस्तर पर हो रहा कायाकल्प, श्रावण के पहले सोमवार से पहले बदलेगी तस्वीर
दीदारगंज (आजमगढ़)। फूलपुर तहसील क्षेत्र के खरसहन कला गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर का इन दिनों युद्धस्तर पर जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराया जा रहा है। दीदारगंज-खेतासराय मार्ग के दक्षिण दिशा में पुरानी बाजार दीदारगंज और न्यू चौक दीदारगंज के बीच स्थित यह मंदिर वर्षों से उपेक्षा का शिकार था।
श्रावण मास के पावन अवसर और 3 अगस्त को पड़ने वाले पहले सोमवार को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के समाजसेवी विवेक गुप्ता, सुरेश यादव, संतोष अग्रहरि, सोनू गुप्ता सहित अन्य स्थानीय लोगों ने जनसहयोग से मंदिर के जीर्णोद्धार का बीड़ा उठाया। वर्तमान में मंदिर में रंग-रोगन, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य तीव्र गति से चल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार अगले एक-दो दिनों में मंदिर के सुंदरीकरण का कार्य पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद श्रावण मास के पहले सोमवार से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन कर सकेंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि जनसहयोग से किए जा रहे इस प्रयास से न केवल मंदिर की भव्यता लौट रही है, बल्कि क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का भी सुंदर उदाहरण देखने को मिल रहा है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी मंदिर की नियमित देखरेख और विकास कार्य इसी तरह जारी रहेंगे।


















































Leave a comment