Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सुबह टुटा बक्सा देखकर हुई वारदात की जानकारी परिवार के सोते समय सीढ़ी के रास्ते घर में घुसे बदमाश, सुबह टूटा बक्सा देखकर हुई वारदात की जानकारी

आजमगढ़। जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में गुरुवार देर रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए जेवरात और नकदी चोरी कर ली। परिवार को घटना की भनक शुक्रवार सुबह उस समय लगी, जब गृहस्वामिनी ने कमरे में रखा बक्सा टूटा हुआ देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। दौलतपुर निवासी मीना देवी ने बताया कि गुरुवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर सीढ़ी के रास्ते घर में दाखिल हुए। चोरों ने कमरे में रखे बक्से की सिटकनी तोड़कर उसमें रखा सामान खंगाल दिया और कीमती जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह जब मीना देवी उठीं और घर की साफ-सफाई करने लगीं, तभी उनकी नजर बक्से पर पड़ी। उन्होंने देखा कि बक्से की सिटकनी टूटी हुई थी, जबकि बाहर लगा ताला बंद था। बक्सा खोलने पर उसमें रखे जेवर और नकदी गायब मिले। चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। पीड़िता के अनुसार, चोर दो जोड़ी चांदी की पायल, मंगलसूत्र, कान की झाली, नथिया तथा लगभग एक हजार रुपये नकद अपने साथ ले गए। चोरी से परिवार को आर्थिक नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त तेज करने, चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh