यूपी में उर्वरकों की नहीं है कोई कमी, किसानों को समय पर मिल रहे खाद-बीज: कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही
लखनऊ, 29 जुलाई 2026।प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद, बीज और सिंचाई की पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने दावा किया कि वैश्विक चुनौतियों और कम वर्षा के बावजूद प्रदेश में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है।
लोक भवन स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री ने बताया कि वर्ष 2026 के खरीफ सीजन के लिए निर्धारित लगभग 107 लाख हेक्टेयर लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 95 प्रतिशत क्षेत्रफल में बुआई पूरी हो चुकी है। सामान्य से लगभग 25 प्रतिशत कम वर्षा के बावजूद कृषि विभाग और सिंचाई विभाग के समन्वित प्रयासों से किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी गई।
उन्होंने बताया कि किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर 1.73 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज उपलब्ध कराया गया है। वहीं 6.13 लाख किसानों को दलहन, तिलहन, बाजरा और सावा के 16,449 क्विंटल निःशुल्क मिनीकिट वितरित किए गए हैं। इसके अलावा 1.23 लाख क्विंटल बीज भी अनुदान पर उपलब्ध कराया गया है।
कम वर्षा वाले क्षेत्रों के लिए सरकार ने तोरिया बीज मिनीकिट योजना शुरू की है। इसके तहत 1,000 क्विंटल तोरिया बीज उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें 600 क्विंटल निःशुल्क और 400 क्विंटल अनुदान पर वितरित किए जाएंगे। पात्र किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
कृषि मंत्री ने बताया कि कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के लिए कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है। किसानों को विभिन्न कृषि यंत्रों पर 40 से 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इस वर्ष 25,900 कृषि यंत्र उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि अब तक 41 हजार से अधिक किसान ऑनलाइन बुकिंग करा चुके हैं।
उर्वरकों की उपलब्धता पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से 28 जुलाई 2026 के बीच प्रदेश को 57.70 लाख मीट्रिक टन उर्वरक प्राप्त हुआ, जिसमें से 28.88 लाख मीट्रिक टन किसानों को वितरित किया जा चुका है और 28.82 लाख मीट्रिक टन उर्वरक अभी भी उपलब्ध है। उपलब्ध स्टॉक में 14.52 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 4.81 लाख मीट्रिक टन डीएपी, 4.91 लाख मीट्रिक टन एनपीके, 3.47 लाख मीट्रिक टन एसएसपी तथा 1.11 लाख मीट्रिक टन एमओपी शामिल है।
मंत्री ने बताया कि जुलाई माह में सहकारी समितियों के माध्यम से 3.22 लाख मीट्रिक टन यूरिया और 1.07 लाख मीट्रिक टन डीएपी का वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि पहले जहां लगभग 1,500 सहकारी समितियां उर्वरक वितरण करती थीं, वहीं अब यह संख्या बढ़ाकर करीब 7,000 साधन सहकारी समितियां कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति संबंधी चुनौतियों के बावजूद केंद्र सरकार ने समय पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की है। पिछले एक सप्ताह में प्रतिदिन 50 से 65 हजार मीट्रिक टन तक यूरिया का वितरण हुआ और सभी बिक्री पीओएस मशीनों के माध्यम से की गई, जिससे प्रत्येक किसान का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध है।
कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को समय पर खाद, बीज, सिंचाई सुविधा और कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा प्रदेश में किसानों को उर्वरकों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।






















































Leave a comment