Latest News / ताज़ातरीन खबरें

लोकसभा सलेमपुर के संसद ने बुनकरों की समस्याओं पर सरकार से मांगा जवाब

देवरिया । सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के सांसद रमाशंकर राजभर ने संसद के मानसून सत्र में लोकसभा के नियम 377 के तहत देशभर में कार्यरत खादी ग्रामोद्योग संस्थाओं, कातिनों और बुनकरों की गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि खादी ग्रामोद्योग आयोग की योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, लेकिन विभिन्न समस्याओं के कारण यह क्षेत्र आर्थिक संकट से जूझ रहा है।

सांसद रमाशंकर राजभर ने कहा कि एमएमडीए (MMDA) भुगतान में विलंब, कच्चे माल की अनुपलब्धता, कार्यशील पूंजी पर ब्याज का बढ़ता भार और कातिनों-बुनकरों को कम मजदूरी मिलने से अनेक खादी संस्थाएं कठिन दौर से गुजर रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण रोजगार पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

सांसद ने सरकार से मांग की कि खादी उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए सरकारी एवं अर्धसरकारी संस्थानों में खादी के उपयोग को अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही खादी संस्थाओं के कर्मचारियों, कार्यकर्ताओं, कातिनों और बुनकरों के लिए सामाजिक सुरक्षा, सम्मानजनक मानदेय और निर्णय प्रक्रिया में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय से आग्रह किया कि खादी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र ठोस नीति बनाते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं, ताकि ग्रामीण रोजगार को नई मजबूती मिल सके।

सांसद मीडिया प्रभारी मंजूर आलम ने बताया कि सांसद रमाशंकर राजभर संसद के चालू सत्र में सलेमपुर सहित आम जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लगातार सदन में उठाते रहेंगे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh