Politics News / राजनीतिक समाचार

व्यापारियों के हितों की रक्षा और व्यापार को सरल बनाना डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, 27 जुलाई 2026 (न्यूज ऑफ इंडिया एजेंसी):

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को प्रयागराज में आयोजित 'व्यापारी संवाद कार्यक्रम' में भाग लेकर व्यापारियों से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा, व्यापार को सरल, पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार तथा निवेश और उद्योग के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में सुरक्षित, समृद्ध और निवेश-अनुकूल कारोबारी माहौल विकसित करना है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था, तेज़ी से विकसित हो रही आधारभूत संरचना और व्यापार हितैषी नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश आज देश का प्रमुख निवेश एवं व्यापार केंद्र बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक प्रगति को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, व्यापारी एकता समिति के अध्यक्ष विजय गुप्ता, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश मौर्य, अन्य जनप्रतिनिधि, व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज स्थित श्री हनुमत निकेतन मंदिर के निकट आयोजित सूर्य मूर्ति प्राकट्य उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने 151 पवित्र नदियों के जल कलशों की भव्य शोभायात्रा का विधिवत पूजन-अर्चन कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का प्रेरक प्रतीक बताते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh