मंत्री आशीष पटेल ने लॉन्च किया ऑनलाइन मॉड्यूल, कार्यशाला स्थापित करने पर 50 हजार रुपये तक की प्रतिपूर्ति मिलेगी
लखनऊ, 21 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार ने तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले मंत्री आशीष पटेल ने मंगलवार को 'बाट-माप उपकरणों के मरम्मत कार्य हेतु लाइसेंस आवेदन के लिए तकनीकी डिप्लोमा/डिग्री धारक युवाओं को प्रोत्साहित करने की नीति-2026' के ऑनलाइन मॉड्यूल का शुभारंभ किया।
मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य तकनीकी शिक्षा को सीधे रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पॉलिटेक्निक, आईटीआई और अन्य तकनीकी संस्थानों से प्रशिक्षित युवा केवल नौकरी तलाशने तक सीमित न रहें, बल्कि अपनी तकनीकी दक्षता के बल पर स्वयं का व्यवसाय भी स्थापित करें।
नई नीति के तहत तकनीकी डिप्लोमा और डिग्रीधारी युवाओं को बाट-माप (लीगल मेट्रोलॉजी) उपकरणों की मरम्मत के लिए लाइसेंस लेने और अपनी कार्यशाला स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्यशाला के लिए आवश्यक उपकरण, टूल्स और अन्य सामग्री खरीदने पर 50,000 रुपये तक की प्रतिपूर्ति का प्रावधान किया गया है।
इन युवाओं को मिलेगा लाभ
इस योजना का लाभ उन अभ्यर्थियों को मिलेगा जिनके पास:
आईटीआई (इलेक्ट्रॉनिक्स)
इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल या इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग में डिप्लोमा
इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल या इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग में डिग्री
बीएससी (भौतिक विज्ञान)
जैसी निर्धारित तकनीकी योग्यताएं हैं।
पात्र अभ्यर्थी निवेश मित्र पोर्टल और विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर मरम्मतकर्ता लाइसेंस प्राप्त कर सकेंगे। लाइसेंस मिलने के बाद वे अपनी कार्यशाला स्थापित कर बाट-माप उपकरणों की मरम्मत का कार्य शुरू कर सकेंगे। कार्यशाला के लिए आवश्यक मास्टर सेट, लोड सेट और अन्य उपकरणों की खरीद पर नीति के अनुसार प्रतिपूर्ति का लाभ भी मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि ऑनलाइन मॉड्यूल शुरू होने से आवेदन प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक होगी। इससे युवाओं को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। आवेदन के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होना तथा निर्धारित अन्य शर्तों को पूरा करना आवश्यक होगा।





















































Leave a comment