आजमगढ़: पुरानी रंजिश में रिटायर्ड शिक्षक पर जानलेवा हमला, धारदार हथियारों से वार; दो गंभीर घायल
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर रिटायर्ड शिक्षक और उनके भतीजे पर धारदार हथियारों एवं लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9:45 बजे रिटायर्ड शिक्षक राजमणि त्रिपाठी अपने पड़ोसी गांव के रामधनी यादव के साथ घर के सामने बनी मंडई की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते अमन, अर्पित, मुकेश और निशा कथित रूप से लाठी-डंडों एवं धारदार हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने राजमणि त्रिपाठी पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भतीजे इंद्रेशमणि पर भी हमला कर दिया गया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय, आजमगढ़ रेफर कर दिया।
मामले में शिकायतकर्ता ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी की तहरीर पर निजामाबाद थाने में एफआईआर संख्या 184/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 115(2), 352 एवं 351(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।
प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक मयंक कृष्ण उपाध्याय को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी तथ्यों के आधार पर की जा रही है तथा साक्ष्यों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






















































Leave a comment