त्योहारों से पहले आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल सख्त, अवैध शराब पर जीरो टॉलरेंस के निर्देश
लखनऊ, 21 जुलाई। उत्तर प्रदेश के आबकारी एवं मद्य निषेध राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने आगामी त्योहारों को देखते हुए आबकारी विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में कहीं भी जहरीली या अवैध शराब से जनहानि की कोई अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर अवैध मदिरा एवं कच्ची शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाया जाए तथा शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मंगलवार को लखनऊ के डालीबाग स्थित गन्ना संस्थान सभागार में आबकारी विभाग की प्रथम त्रैमासिक राजस्व समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने सीमावर्ती राज्यों से जुड़े जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल, बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संवेदनशील जिलों में प्रवर्तन की कार्रवाई और अधिक प्रभावी बनाई जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि आबकारी विभाग प्रदेश के सबसे अधिक राजस्व अर्जित करने वाले विभागों में शामिल है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में मदिरा से जनहानि की कोई बड़ी घटना नहीं हुई, जिसे इसी तरह आगे भी बनाए रखना होगा। उन्होंने शराब की ओवररेटिंग की शिकायतों पर भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 71,278 करोड़ रुपये के राजस्व लक्ष्य की भी समीक्षा की गई। प्रथम तिमाही (अप्रैल-जून) में विभाग ने 15,809.25 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में बेहतर प्रदर्शन है। वहीं अप्रैल से जुलाई 2026 तक 21,800 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 18,655.23 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो चुका है, जो लक्ष्य का 85.57 प्रतिशत है।
बैठक में अपर मुख्य सचिव आबकारी वीना कुमारी, आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह, विशेष सचिव अभिषेक आनंद सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी जिला आबकारी अधिकारी एवं उपायुक्त आबकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।





















































Leave a comment