एसडीएम के आदेश पर तीन माह से लंबित जांच को तहसीलदार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंच कर किया निरीक्षण। मौके पर टेक्निकल टीम रही नदारत
घोसी। मऊ। आदर्श नगर पंचायत घोसी में वार्ड संख्या 4 एवं 5 में कराए गए सड़क एवं नाला निर्माण कार्यों में हुई शिकायत पर कथित अनियमितताओं की जांच पिछले तीन माह से टेक्निकल टीम के न आने पर लंबित थी। तकनीकी जांच के लिए आवश्यक नगर पंचायत एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अवर अभियंताओं की लगातार अनुपस्थिति के कारण जांच आख्या अब तक तैयार नहीं हो सकी है। सोमवार को एसडीएम अशोककुमारसिंह के आदेश पर गठित राजस्व एवं प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।
जांच टीम में तहसीलदार अनीश सिंह, नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा, अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार, राजस्व निरीक्षक मतीन खान, लेखपाल गौरव राय एवं मनिंद्र मौर्य शामिल रहे। हालांकि नगर पंचायत घोसी एवं पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित रहे, जिससे निर्माण कार्यों का तकनीकी परीक्षण नहीं हो सका और जांच रिपोर्ट फिर लंबित रह गई।
जांच भाजपा के जिला मंत्री रविंद्र उपाध्याय ,सभासद जुल्फेकार अहमद , सरफराज अहमद,नेहाल अख्तर एवं श्रीमती धर्मावती द्वारा दो अलग अलग 18 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी मऊ को दिए गए शिकायती पत्रद्वारा संपूर्ण समाधान दिवस में दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर की जा रही है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि वार्ड संख्या 4, 5 एवं 15 सहित अन्य में नाला एवं आरसीसी सड़क निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं। नाला निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी की गई, शिव मंदिर के निकट अतिक्रमण कर सड़क की चौड़ाई कम कर दी गई, आरसीसी सड़क को काटकर नाली की मिट्टी भर दी गई तथा नगर पंचायत बोर्ड की स्वीकृति के बिना कई निर्माण कार्य कराए गए। साथ ही निर्माण कार्यों में वित्तीय अनियमितता एवं सरकारी धन के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया गया है। तीन माह से जांच प्रक्रिया चल रही है, लेकिन तकनीकी अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण निष्कर्ष नहीं निकल पा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने निर्माण कार्यों की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराकर दोषी अधिकारियों एवं संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर शिकायत के सभी बिंदुओं का निरीक्षण कर आवश्यक तथ्य संकलित किए। अब नगर पंचायत एवं पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंताओं की तकनीकी रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद जांच आख्या उपजिलाधिकारी को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।तहसीलदार अनीश सिंह एवं नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा ने बताया कि शिकायतकर्ताओं ने नगर पंचायत घोसी के साथ ही विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की शिकायत किया है।जिसकी जांच की जा रही है।इसमें तकनीकी सहायकों की आख्या के बाद ही दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जायेगी।इस अवसर पर तहसीलदार अनीश सिंह, नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा,राजस्व निरीक्षक मतीन खान, लेखपाल गौरव राय एवं मनिंद्र मौर्य,भाजपा जिला मंत्री रविंद्र उपाध्याय, मण्डल अध्यक्ष नागेंद्र मद्धेशिया जीतू सहित अन्य उपस्थित रहे।





















































Leave a comment