शौचालय जाने के लिए दरवाजा खोला, चौखट पर बैठे जहरीले सांप ने डसा; 11 वर्षीय छात्र आयुष की मौत
आजमगढ़। जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के ग्राम ताड़ी, पोस्ट किशनपुर में सर्पदंश से 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक आयुष, अनिल का पुत्र था और प्राथमिक विद्यालय ताड़ी में कक्षा पांच का छात्र था।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार की देर रात करीब एक बजे आयुष शौचालय जाने के लिए घर का मुख्य दरवाजा खोलकर बाहर निकल रहा था। इसी दौरान चौखट के पास छिपे एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल सिधारी स्थित एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने आयुष का उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। बेटे की मौत पर विश्वास न होने से परिजन उसे खरिहानी बाजार के एक चिकित्सक के पास ले गए और फिर पीजीआई चक्रपानपुर पहुंचे, जहां भी चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। धार्मिक आस्था के चलते परिजन बालक को अमवा स्थित सती माई स्थान पर भी ले गए, लेकिन कोई चमत्कार नहीं हुआ। इसके बाद वे शव लेकर घर लौट आए।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के घर पर ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने आयुष के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
बरसात के मौसम में बढ़ रही सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि घर और आसपास साफ-सफाई रखें, रात में पर्याप्त रोशनी का उपयोग करें, बाहर निकलते समय जूते-चप्पल पहनें और सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक में समय गंवाने के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचकर इलाज कराएं।
























































Leave a comment