मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, प्राध्यापकों को वितरित किए गए चिकित्सा कार्ड
देवरिया । दीनानाथ पांडेय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, देवरिया में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापकों को चिकित्सा कार्ड वितरित कर किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद, देवरिया की अध्यक्ष अलका सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी, देवरिया एवं जिला विद्यालय निरीक्षक, देवरिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजेश कुमार ने की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आगरा में प्राध्यापकों को चिकित्सा कार्ड वितरण एवं संबोधन का सीधा प्रसारण उपस्थित जनों को दिखाया गया।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष एवं विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी ने लाभार्थी प्राध्यापकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए।
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह योजना शिक्षकों को बेहतर एवं निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगी, जो उनके प्रति सरकार के सम्मान और संवेदनशीलता का प्रतीक है।
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि यह योजना शिक्षकों को और अधिक समर्पण एवं निष्ठा के साथ शिक्षण कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी। यह उनके समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सरकार की ओर से गुरु-दक्षिणा के समान है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ राजेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि कैशलेश इलाज की इस सुविधा से उच्च शिक्षा से जुड़े प्राध्यापकों का मनोबल बढ़ेगा तथा इनका निःशुल्क इलाज भी संभव हो सकेगा। अवश्य ही वे अपने दायित्वों का निर्वहन और कुशलता से करेंगे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. महेश ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रतिमा गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. पंकज कुमार शुक्ल, डॉ. आलोक रंजन, डॉ. अनुपमा राय, डॉ. प्रफुल्ल कुमार राय, डॉ. अनीता सिंह, डॉ. सुशील कुमार तिवारी, डॉ. सूर्य प्रकाश सहित जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, लाभार्थी प्राध्यापक तथा कार्यालय के सावित्री, दिनेश रावत, परमात्मा वर्मा, राजेश कुमार, राजेश यादव एवं पंकज पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं भी मौजूद रहीं।























































Leave a comment